सांगोबांध। बभनी थाना क्षेत्र के मनरूटोला में पांगन नदी के तट पर बालू का अवैध खनन जोरों पर हो रहा है। इसकी शिकायत पर गुरुवार को दुद्धी के नायब तहसीलदार सूर्यबली मौर्या व बभनी के प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों का बयान भी दर्ज किया। जांच के दौरान मौके पर एक भी खननकर्ता और मशीन आदि नहीं मिली। बयान के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने टीम को बताया कि रात में जेसीबी मशीन से पांगन नदी में श्मसान घाट पर बालू का अवैध खनन किया जाता है। इस बाबत नायब तहसीलदार सूर्यबली ने बताया कि मौके पर कुछ नही मिला। अवैध खनन की शिकायत सही है। इसकी रिपोर्ट प्रशासन को दी जाएगी। जांच कर लौटने के दौरान टीम ने बालू लदे छह ओवरलोड वाहनों को पकड़ा। हालांकि इस दौरान उनके चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। कोंगा तिराहे पर पकड़े गए ट्रकों के टायर की हवा अधिकारियों ने निकलवा दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे एआरटीओ पीएस राय ने सभी वाहनों का ई-चालान कर उन्हें छोड़ दिया।