सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन गांव में शुक्रवार को एक युवक और उसकी मां ने दुकान में घुसकर मां-बेटी को पीट कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर विवाद को शांत कराया। शनिवार को घायल महिला ने चोपन थाने में हमलावर और उसकी मां के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, मां-बेटी की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस ने बताया कि सलखन गांव निवासी सुनीता जायसवाल ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे वह और उनकी बेटी नेहा दुकान में काम कर रही थी। उसी वक्त गांव का रहने वाला एक युवक अपनी मां के साथ दुकान में घुसकर उनके साथ मारपीट करने लगा। युवक और उसकी मां ने उन्हें दुकान में से खींच कर सड़क पर ले जाकर भी पिटाई की। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी लक्ष्मण पर्वत का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। कहा कि हमलावरों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।