सोनभद्र। सोनांचल संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन लाल यादव ने सोनांचल के बरोजगारों की समस्या को लेकर जिलाधिकारी एस राजलिंगम से मिलकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बताया कि बीमा कोयला परियोजना में ओभर वर्डेन हटाने का टेंडर पाई आउटसोर्सिंग कंपनी बीजीआर-डेको में पंद्रह सौ श्रमिकों की भर्ती की जानी है। श्रमिकों के भर्ती प्रक्रिया में मनमानी रोकने के लिए गाइड लाइन बनवाये जाने की आवश्यकता है। ताकि भर्ती के नाम पर बड़े पैमाने पर बेरोजगारों का शोषण होने से रोका जा सके। रोशन लाल ने कंपनी की ओर से की जाने वाली पंद्रह सौ श्रमिकों की भर्ती के लिए पारदर्शी गाइड लाइन बनाकर ओपेन भर्ती कराये जाने का अनुरोध किया। कहा कि एनसीएल मुख्यालय सिंगरौली ने 10 जुलाई से ही प्राविधान बना रखा है कि कोई आउट सोर्सिंग कंपनी प्रत्येक दशा में 80 प्रतिशत भूविस्थापित, प्रभावित तथा स्थानीय बेरोजगारों की भर्ती लेगी। आरोप है कि संगठित दलालों के प्रभाव में आकर उक्त कंपनियां प्राविधान का पालन नहीं कर रही है और भर्ती के नाम पर बेरोजगारों का शोषण किया जा रहा है। इस पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान संघर्ष वाहिनी के मीडिया प्रभारी संदीप जायसवाल मौजूद रहे।