मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारी के तहत मंगलवार को चोपन ब्लॉक सभागार में प्री-कैंप का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीडी) राहुल के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को शिविर के लाभ बताते हुए इससे आमजन को जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र 67 लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया। सचिव ने बताया कि 22 फरवरी को जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन परिसर में आयोजित होने वाला यह शिविर समाज के गरीब, वंचित, असहाय और जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर न्यायिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें निशुल्क विधिक परामर्श, मध्यस्थता, लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर में राजस्व, पुलिस, श्रम, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंक, बीमा, विद्युत और नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और समस्याओं का समाधान करेंगे।