सोनभद्र। अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधू के आवाह्न पर पेंशनविहीन कर्मचारियों ने ट्वीट के जरिए हैशटैग एनपीएस, निजीकरण भारत छोड़ो आंदोलन का कार्यक्रम रविवार को किया। पूरे दिन ट्वीटर पर मांग को लेकर ट्वीट किया गया। फिर संगठन की ऑनलाइन बैठक हुई। जिलाध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने अधिक ट्वीट, रीट्वीट करने के लिए बल दिया। उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे तक के ट्वीट से हैशटैग एनपीएस, निजीकरण भारत छोड़ो आंदोलन ट्विटर पर लाखों ट्वीट के जरिए टॉप ट्रेंड करता रहा। जिले से अटेवा के इस ट्विटर अभियान में रामगोपाल यादव, कमलेश कुमार, सर्वेश तिवारी, राजेश बैस, बिहारी लाल, आराधना कश्यप, मनोज कुमार, राजेश सिंह सहित सैकड़ों साथियों ने ट्वीट कर अपनी भूमिका निभाई। घोरावल: पुरानी पेंशन बहाली व एनपीएस वापस लेने की माँग को लेकर रविवार को भी शिक्षकों व कर्मचारियों ने अभियान चलाया। संकुल प्रभारी एवं शिक्षक प्रतिनिधि सौरभ कार्तिकेय ने जानकारी देते हुए बताया कि पुरानी पेंशन बहाली की माँग हेतु दो दिवसीय अभियान के तहत आज ट्विटर के माध्यम से लाखों की संख्या में ट्वीट कर मांग रखी गयी। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष राजेश कुमार पटेल, एसआरजी संजय मिश्रा, रजनीश श्रीवास्तव, इंदु प्रकाश सिंह ने भी हिस्सा लिया।