विकास भवन में दृष्टि की बैठक में समीक्षा करते मंत्री संजीव गौड। स्रोत सूचना विभाग
सोनभद्र। विकास योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए शनिवार को विकास भवन में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति ‘दृष्टि’ की बैठक हुई। राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि समेत विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन हो और अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच करें। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। निर्देशों के अनुपालन की अगली बैठक में समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। पात्रता की जांच पारदर्शी तरीके से कराकर पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाए। संपर्क मार्गों और विद्युतीकरण कार्यों की गुणवत्ता की तकनीकी टीम से जांच कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण शुरू होने से पहले शिलान्यास और पूर्ण कार्यों का लोकार्पण संबंधित जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने को कहा। औषधि विभाग की समीक्षा में मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच और नारकोटिक व नियंत्रित श्रेणी की दवाओं की अनधिकृत बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में क्रय-विक्रय अभिलेखों की भी जांच करने को कहा गया। बैठक में सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, मान सिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, डीडीओ हेमंत सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।