सोनभद्र। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सोमवार को जिला अस्पताल में आयोजित शिविर में चिकित्सकों ने गर्भवती की जांच की। वहीं, गंभीर रूप से बीमार गर्भवती को चिह्नित किया गया। साथ ही उन्हें कोरोना के प्रति जागरूक भी किया गया। अभियान के तहत प्रत्येक माह के नौ तारीख को जिला अस्पताल समेत अन्य राजकीय अस्पतालों में विशेष तौर पर गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। एएनएम और आशा कार्यकर्ता गर्भवती को नदजीकी अस्पताल ले जाकर जांच कराती हैं। लेकिन अधिकांश राजकीय अस्पतालों में जांच का इंतजाम ही नहीं है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल के सौ बेड के जच्चा-बच्चा अस्पताल में माह की नौ तारीख को शिविर लगाकर गर्भवती महिलाओं का उपचार कराने का निर्णय लिया है। यहां मुफ्त में महिलाओं का चेकअप और सोनोग्रफी की जाएगी। सोमवार को यहां आयोजित शिविर में डॉ. सुमन, डॉ. प्रियंका, डॉ. जटाशंकर, डॉ. मंजू ने मरीजों का उपचार किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीबी गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती को चिन्हित कर उनका बेहतर उपचार करते हुए प्रसव कराया जाएगा। ताकि जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित रहे। शिविर में प्रवीण मिश्रा कन्हैया यादव, चंचल, हेमा, कांति, ममता मौर्या, बबिता मौर्या, लकी, शशिबाला, दीपक पाठक आदि मौजूद रहे।