सोनभद्र। मेडिकल काॅलेज के अधीन संचालित जिला संयुक्त चिकित्सालय में लंबे समय से बनी चिकित्सकों की कमी अब दूर होती नजर आ रही है।
करीब डेढ़ माह से हड्डी रोग विशेषज्ञ के न होने से जिला अस्पताल में प्रभावित उपचार अब पटरी पर आएगा। शुक्रवार को मेडिकल काॅलेज के अधीन एक हड्डी रोग विशेषज्ञ, एक सर्जन के साथ ही 22 से अधिक जूनियर रेजिडेंट और सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों ने कार्यभार संभाला। इसके साथ ही कई अन्य चिकित्सक भी जल्द ही कार्य संभालेंगे। बताते चलें कि कुछ माह पूर्व मेडिकल कॉलेज की ओर से आवेदन मांगे गए थे। इसके बाद साक्षात्कार लिया गया था। अब उसके आधार पर चयनित जेआर और एसआर कार्यभार ग्रहण कर रहे हैं।