चुर्क पुलिस लाइन में टेबल टेनिस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते प्रतिभागी।स्रोत पुलिस
चुर्क। यूपी पुलिस की वाराणसी जोन स्तरीय 43वीं अंतरजनपदीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता के दूसरे दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। जोन के 10 जनपदों के महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रविवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। शनिवार को टेबल टेनिस टीम चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में मऊ की टीम ने मिर्जापुर को हराया। महिला वर्ग में जौनपुर को हराकर सोनभद्र की टीम जीती। पुरुष वर्ग के ओपन सिंगल में जौनपुर के एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बलिया के चंद्रकांत वर्मा को हराया, जबकि महिला वर्ग में सोनभद्र की नेहा गिरि ने अर्चना को शिकस्त दी। ओपन डबल्स के पुरुष वर्ग में आजमगढ़ के जीतू पाल-गाजीपुर के एके सिंह की जोड़ी ने सोनभद्र के जय सिंह-विकास पांडेय को हराया। महिला वर्ग में अर्चना-रिचा ने कात्यायनी-नेहा को हराया। महिलाओं के 35 से अधिक आयु वर्ग के डबल्स जौनपुर की कनक शर्मा-स्मिता की जोड़ी ने भदोही की गीता यादव-गीता राय को मात दी। इसी वर्ग में महिलाओं के सिंगल्स में भदोही की गीता राय प्रथम, जौनपुर की कनक शर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग जौनपुर के आतिश कुमार सिंह ने मऊ के विद्या सागर को हराया। मिक्स्ड डबल में मिर्जापुर के विनोद सिंह और भदोही की गीता राय की जोड़ी ने आजमगढ़ के जीतू पाल व सोनभद्र की ममता की जोड़ी को पराजित किया। इसी तरह बैडमिंटन के महिला सिंगल में वाराणसी की रिचा ने गाजीपुर की आकांक्षा को हराया। मिक्स्ड डबल में वाराणसी के गोविंद-रिचा की जोड़ी ने गाजीपुर के सत्या-आकांक्षा को शिकस्त दी। टीम चैंपियनशिप में वाराणसी प्रथम और सोनभद्र दूसरे स्थान पर रहा। पुरुष वर्ग में भी वाराणसी की टीम विजेता रही। आजमगढ़ को दूसरा स्थान मिला।