सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी एक विवाहिता की बुधवार की सुबह मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालवालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।सदर कोतवाली क्षेत्र के तियरा गांव निवासी दशरथ भारती ने बेटी ममता (28) की शादी वर्ष 2017 में सुकृत चौकी क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी अजय कुमार से किया था।मंगलवार की रात ममता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। बुधवार की तड़के उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मायके वाले लोहरा गांव पहंुचे। हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सदर कोतवाली में करीब दो घंटे तक मायके पक्ष के लोग कार्रवाई के लिए मांग करते रहे।
विवाहिता के भाई चंदन कुमार ने बताया कि ससुराल में बहन के साथ अक्सर मारपीट होती थी। मंगलवार की रात ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि उसकी सेहत काफी खराब है। आप लोग घर आ जाइए, जब हमलोग पहुंचे तो वे लोहरा माइनर पर स्थित एक क्लीनिक में उसका उपचार कराने और फिर नरायनपुर के अस्पताल सहित अन्य स्थानों पर होने की बात बोलते हुए गुमराह करते रहे।
आरोप है कि इस दौरान ममता से उनको मिलने नहीं दिया गया। सुबह नौ बजे ससुराल वालों ने बताया कि उसकी मौत हो गई है। भाई ने कहा कि उसकी बहन खुद आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उसे जहर देकर मारा गया है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ममता दो बेटियों की मां थी। बड़ी बेटी तीन साल और छोटी बेटी डेढ़ साल की है। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पति अजय कुमार ने बताया कि ममता ने मंगलवार की रात घर में खाना बनाकर सबको खिलाया। इस दौरान उसने कब जहर खा लिया, इसकी जानकारी नहीं है। स्थिति खराब होने पर नरायनपुर के एक अस्पताल में ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसने खुद को बेगुनाह बताया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट ओर परिजनों के तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -मनोज कुमार सिंह, सदर कोतवाल।