शादी में करीब सात लाख रुपये के उपहार, स्विफ्ट डिजायर कार और 4.15 लाख रुपये नकद देने के बाद भी ससुराल वालों की दहेज की मांग पूरी नहीं हुई। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में एसी और 10 लाख रुपये की मांग करते हुए विवाहिता को प्रताड़ित किया गया। मारपीट और धमकी देने के बाद 19 अगस्त को उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर अनपरा पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनपरा थाना क्षेत्र के ककरी निवासी नीतू कुमारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 22 फरवरी 2023 को शैलेष कुमार भारती उर्फ पिंटू के साथ हुआ था। शादी में उसके पिता ने करीब सात लाख रुपये के उपहार और घरेलू सामान के अलावा स्विफ्ट डिजायर कार और 4.15 लाख रुपये नकद दिए थे। पति को सोने की अंगूठी और चेन, जबकि विवाहिता को चार सोने और चार चांदी के आभूषण दिए गए थे। आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद पति शैलेष, ससुर कामेश्वर प्रसाद, सास शीला देवी और ननद अंजू, काजल व किरन कम दहेज मिलने का ताना देने लगीं। उनका कहना था कि इकलौते बेटे की शादी में पर्याप्त सामान और रुपये नहीं मिले। इसी बात को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाता था। उसे ठीक से खाना-पीना नहीं दिया जाता था और आए दिन मारपीट की जाती थी। पीड़िता के मुताबिक, पति के व्यापार के लिए एसी और 10 लाख रुपये अतिरिक्त देने का दबाव बनाया जाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर तलाक देने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि 19 अगस्त को उसे घर से निकाल दिया गया और उसके आभूषण समेत स्त्रीधन को ससुराल वालों ने अपने कब्जे में रख लिया। इसके बाद से वह मायके में रह रही है। मंगलवार को उसने अनपरा पुलिस से शिकायत की। थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे ने बताया कि पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।