तीन दिन पूर्व सदर कोतवाली क्षेत्र के पुसौली गांव में धारदार हथियार और पत्थर से वार कर कई लोगों को घायल करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
नौगढ़ थाना क्षेत्र के विशेषरपुर निवासी रवि ने पुलिस को दी तहरीर में अवगत कराया है कि वह सिकंदर सिंह के मुर्गा फार्म हाउस पर मजदूरी करता है। सोमवार की रात करीब 11 बजे फार्म मालिक के भतीजे रामआशीष और बेटे अभिषेक के साथ घर जा रहा था। रास्ते में पुसौली गांव के समीप कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।
रवि का आरोप है कि विपक्षीगण मालिक का हिमायती बनने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई करने लगे। उसे बचाने के लिए रामअशीष और अभिषेक पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी धारदार हथियार से वार कर लहूलुहान कर दिया। जानकारी होने पर मालिक सिकंदर समेत अन्य लोग पहुंचे तो उनके ऊपर भी पथराव कर घायल दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित रवि की तहरीर पर रोहित और 7 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।