सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के पुसौली गांव के पास सोमवार को मनबढ़ों ने एक युवक को पीटकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही पिटाई करने वाले भाग निकले। जिला अस्पताल में उपचार कराने के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब दस बजे पुसौली गांव के पास ओवरब्रिज के नीचे किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। नाराज दो लोगों ने कंबल से युवक को ढक कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। यह देख आसपास के लोगों के अलावा रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों ने मौके पर बीच-बचाव किया। घटना की जानकारी मिलने पर डॉयल 112 नंबर पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले पिटाई करने वाले भाग निकले। दरोगा संजीव कुमार राय ले बताया कि मारपीट में घायल प्रभापुरम कॉलोनी पुसौली निवासी राहुल तिवारी (27) का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। उन्होंने बताया कि घायल की तहरीर पर पिटाई करने में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर खोजबीन की जा रही है।