सोनभद्र। डीएम चंद्र विजय सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक हुई। इसमें जिले को पर्यटन क्षेत्र में विस्तार देने के लिए विभिन्न वर्गों से सुझाव लेकर वृहद कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि सभी पर्यटन स्थलों का एक वर्क प्लान बनाकर उसमें प्राथमिकता वाले कार्य को संबंधित विभाग के साथ बैठक करें। एक अलग से प्रस्ताव आर्किटेक्ट के माध्यम से तैयार कराते हुए शासन को वित्तीय एवं प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए प्रेषित किया जाय। जिले के विभिन्न आकर्षणों, पौराणिक, पुरातात्विक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन पर चर्चा करते हुए पर्यटन संभावनओं के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजने के लिए संबंधित को निर्देशित भी किया।
कहा कि ऐसी कार्ययोजना बनाई जाय, जिसमें स्थानीय लोगों को रोजगार के भी अवसर सुलभ हो सकें। पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास के लिए नए क्षेत्रों की पहचान करते हुए मेरा गांव मेरा धरोहर, युवा पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, इको टूरिज्म, एग्रो टूरिज्म को बढ़ावा देने से संबंधित योजनाओं, छात्र-छात्राओं को पर्यटन के लिए शैक्षणिक भ्रमण कराने पर बल दिया गया। बैठक में सीडीओ सौरभ गंगवार, एएसपी कालू सिंह, सीएमओ डाॅ. अश्वनी कुमार, पर्यटन अधिकारी बृजेश यादव, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद आदि मौजूद रहे।