माध्यमिक विद्यालयों की 32वीं जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, भाला फेंक की प्रतियोगिताएं हुई। बालक-बालिका वर्ग की अलग-अलग प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जिले के विद्यालयों की टीम छह जोन के अंतर्गत शामिल हो रही हैं। इसमें दूसरे मुख्यांचल क्षेत्र का दबदबा रहा।
दूसरे दिन की प्रतियोगिता तियरा स्थित विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई। सब जूनियर वर्ग की 600 मीटर दौड़ में मुख्यांचल के चंदन चौहान प्रथम, शिवांचल द्वितीय, उर्द्वांचल तृतीय, ऊंची कूद में मुख्यांचल प्रथम, उर्द्वांचल द्वितीय व तृतीय, 100 मीटर दौड़ में मुख्यांचल प्रथम, द्वितीय और शिवांचल तृतीय स्थान पर रहा। 200 मीटर दौड़ में मुख्यांचल प्रथम और द्वितीय, शिवांचल तृतीय रहा। चक्का प्रक्षेप में उर्द्वांचल प्रथम, मुख्यांचल द्वितीय व तृतीय रहा। बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में मुख्यांचल प्रथम, सोनांचल द्वितीय, मुख्यांचल तृतीय, 100 मीटर दौड़ में मुख्यांचल प्रथम, ऊर्जांचल द्वितीय, उर्द्वांचल को तृतीय स्थान मिला। लंबी कूद में मुख्यांचल प्रथम, सोनांचल द्वितीय, ऊर्जांचल तृतीय, 200 मीटर दौड़ में मुख्यांचल प्रथम, ऊर्जांचल द्वितीय, मुख्यांचल तृतीय स्थान पर रहा।
डीआईओएस आरपी यादव, सदर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत, मेजबान प्रधानाचार्य डाॅ. ब्रजेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जगदंबा प्रसाद, अनिल सिंह, संतोष तिवारी, चंद्रकांत मिश्र, मुस्तकीन निर्णायक रहे। इस दौरान सुशील चौबे, उमाकांत मिश्र, शैलेंद्र चौबे आदि उपस्थित रहे। संचालन राकेश शुक्ल ने किया।