सोनभद्र। जिले में आदिवासियों की जमीनों पर कब्जा और अत्याचार के खिलाफ शुक्रवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी के नाम 20 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और आदिवासियों के हक-अधिकार की रक्षा की मांग की। धरने का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया ने आरोप लगाया कि जिले के आदिवासी इलाकों में बाहरी जिलों और झारखंड से आए एक विशेष समुदाय के लोग जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आदिवासी लड़कियों से विवाह कर उनके नाम पर जमीन ले रहे हैं, जो साजिश का हिस्सा है। उन्होंने आदिवासियों की जमीनों के अनुमति पत्रों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने जिले के कल-कारखानों में आदिवासी, दलित और जनजातीय समुदाय के लोगों को रोजगार व नौकरी देने की भी मांग की है। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया के साथ संतोष कुमार एडवोकेट, हीरालाल, अमर सिंह मरकाम, बाबूलाल मौजूद रहे।