1320 मेगावाट की ओबरा सी परियोजना का निर्माण कर रही कोरियाई दुसान पावर कंपनी में 15 जुलाई को श्रमिकों ने तोड़फोड़ की थी। कंपनी का दावा है कि इससे करोड़ों का नुकसान हुआ है। अब इस नुकसान की भरपाई कंपनी अपने अधीन कार्य कर रहे ठेकेदारों से करने जा रही है। इसके लिए ठेकेदारों को नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
बीते 15 जुलाई की सुबह कार्य के दौरान दुसान कंपनी के एक सेफ्टी आफिसर और एक श्रमिक के बीच कहासुनी के दौरान मारपीट हो गई थी। मारपीट में एक श्रमिक घायल हो गया था। इससे नाराज कई मजदूरों ने दुसान पावर कंपनी के ऑफिस पर पत्थरबाजी की। खिड़कियों के शीशे, दरवाजे, कई एसी और गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया था। इस मामले में ओबरा पुलिस ने सेफ्टी आफिसर सहित नौ नामजद मजदूरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। दुसान पावर कंपनी के एचआर प्रभारी लालबाबू झा ने बताया कि नुकसान का आंकलन हमारी प्लानिंग की टीम कर रही है। बताया कि करोड़ों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। ठेकेदारों को नोटिस दे दिया गया है। जिस ठेकेदार के मजदूर तोड़फोड़ में शामिल रहे हैं, उन्हें सीसीटीवी फुटेज दिखाया जा रहा है। नुकसान की भरपाई ठेकेदारों से की जाएगी।