ओबरा। आर्थिक संकट झेल रहे भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के उपकप्तान अनपरा निवासी लव वर्मा की मदद के लिए अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व मीरजापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने युवा मामलों और खेल राज्य मंत्री को पत्र भेज लव वर्मा की मदद की मांग की है। उपकप्तान लव वर्मा भारत के लिए 27 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। वर्ष 2015 में हुए एशिया कप में भारत को विजेता बनाने में उनकी प्रमुख भूमिका रही। इसके साथ ही बांग्लादेश में हुई ट्राई सीरीज में भारत को संयुक्त विजेता बनाने में भी लव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे राष्ट्रीय स्तर की आठ प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। अपना दल युवा मंच के प्रदेश महासचिव आनंद पटेल दयालु ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि लव वर्मा सोनभद्र की शान है। उनकी यह हालत पूरे जनपद के लिए चिंता का विषय है। बता दें कि कोरोना काल में खेलों में आई रुकावट ने बड़े स्तर के भी खिलाड़ियों को खासा प्रभावित किया है।