सोनभद्र। बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में गरीबों को कृषि कार्य के लिए दी गई करीब आठ एकड़ गर्वमेंट ग्रांट की जमीन को कुछ लोगों ने अपने नाम करा लिया। इसके बाद उक्त जमीन पर खनन पट्टा करा लिया। शिकायत मिलने पर एडीएम ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने खान विभाग से पत्रावली तलब कर लिया है।जानकारी के अनुसार, राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पकरी गांव निवासी नोहर भारती ने एडीएम को शिकायती पत्र सौंपा है। उसका आरोप है कि बिल्ली मारकुंडी में कुछ लोगों को गवर्मेंट ग्रांट की जमीन कृषि कार्य के लिए आवंटित की गई है। उक्त जमीन को कई लोगो ने साजिश के तहत अपने नाम कराकर खनन कार्य कराने के लिए पट्टा करा लिया है। जबकि ऐसा नहीं कराया जा सकता। उसका कहना है कि प्रकरण की गंभीरता से जांच होने पर सच्चाई खुल कर सामने आ जाएगी। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि कृषि कार्य के लिए आवंटित जमीन पर कुछ लोगों द्वारा खनन कार्य कराने की शिकायत मिली है। खान विभाग से उसकी पत्रावली तलब की गई है। कहा कि जांच के दौरान शिकायत सही मिलने पर पट्टे की जमीन बेचने एवं क्रय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।