जिले में संचालित 200 से अधिक परिषदीय विद्यालय ऐसे हैं जहां छात्र-छात्राओं की संख्या 50 से भी कम है। इन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाने और बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति पर जोर है। इसके लिए जल्द ही स्कूल चलो अभियान चलाकर अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से जनपद सोनभद्र में प्राथमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय एवं कंपोजिट विद्यालय मिलकर कुल 2061 परिषदीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। जून माह बीतने को हैं। एक जुलाई से परिषदीय विद्यालयों का संचालन शुरू हो जाएगा।
50 से कम छात्र-छात्राओं की संख्या वाले 200 से अधिक परिषदीय विद्यालयों में स्कूल चलो जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाई जाएगी। बच्चों की नियमित रूप से उपस्थिति हो, इसके लिए उनके अभिभावकों को प्रेरित किया जाएगा। ड्राप आउट बच्चों का विद्यालय में एडमिशन कराया जाएगा।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक का कहना है कि परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाने तथा उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही स्कूल चलो जागरूक अभियान चलाया जाएगा। अभियान को लेकर विभाग स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।