कनहर सिंचाई परियोजना के मुख्य अभियंता हर प्रसाद ने बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। रजखड़ में नहर की पुलिया निर्माण, कुड़वा में टनल का कार्य और मुख्य बांध का जायजा लिया। धन की कमी के बावजूद उन्होंने काम समय से पूरा कराने का दावा किया।
मुख्य अभियंता ने जल सुरंग कोलिनडूबा में जल सेतु, नहरों के ठप कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अमवार फील्ड हास्टल में अभियंताओं व कार्यदाई संस्था के अफसरों के साथ बैठक कर तमाम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे अपनी तैयारी पूरी रखें ताकि बारिश बाद नवंबर से बांध बांधने की प्रक्रिया शुरू किया जा सके। इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजना के अन्य लंबित कार्यों को भी इस खाली समय में पूरा करने को कहा, जिससे परियोजना की अनुमोदित धनराशि स्वीकृत होने के साथ नहरों का कार्य भी बगैर किसी अवरोध के पूरा कराया जा सके। बताया कि बरसात में भी मुख्य बांध पर गेट लगाने का काम तेजी से चल रहा है। नवंबर तक सभी गेट लग जाएंगे। परियोजना को आर्थिक संकट से उबारने के लिए केंद्रीय जल आयोग की ओर से परियोजना का तकनीकी निरीक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि सितंबर के अंतिम सप्ताह तक वहां से हरी झंडी मिल जाएगी। जिस तरह मुख्य बांध पर कार्य को लक्ष्य की ओर ले जाने का प्रयास किया जा रहा है, ठीक उसी तरह मुख्य नहर का कार्य किया जा चुका है। सहायक नहरों के निर्माण के लिए भूमि क्रय हो चुकी है। जल सुरंग और जल सेतु का कार्य भी 70 प्रतिशत पूरा किया जा चुका है। रेलवे एवं वन विभाग का क्लियरेंस होने के साथ उसे भी शीघ्रता के साथ पूरा कर लिया जाएगा। विस्थापितों के भी लगभग सभी समस्याओं का निराकरण किया जा चुका है। शेष बचे लोगों को धन मुहैया होते ही उनमें भी पैकेज का वितरण कर दिया जाएगा।