चोपन-जुगैल मार्ग पर हादसे के बाद जाम लगाए लोग।
चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र के महलपुर गांव के पास शनिवार को तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़े मजदूर संतोष भारती (29) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले चोपन-जुगैल मार्ग पर जाम लगाकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। महलपुर गांव निवासी संतोष भारती विद्यालय के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। संतोष मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने बिना नंबर प्लेट के चल रहे हाइवा और अन्य भारी वाहनों के संचालन पर नाराजगी जताई। सूचना पर जुगैल थाना प्रभारी एसपी वर्मा और ओबरा के क्षेत्राधिकारी प्रभात राय मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। एसओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।