रॉबर्ट्सगंज बभनौली में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भजन कीर्तन करती महिलाएं। संवाद
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर के बभनौली में रविवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मनाया। इस दौरान महिला मंडल ने सोहर गाया। भजन-कीर्तन, नृत्य और बाल राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा सत्संग भवन भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में नन्हे बाल कलाकार आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। गोद में आने वाले छोटे शिशुओं से लेकर करीब छह वर्ष तक के बच्चों ने राधा-कृष्ण का सुंदर वेश धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। किसी ने कान्हा का रूप धारण किया तो कोई राधारानी के स्वरूप में सजा नजर आया। महिला मंडल की सदस्य कोमल पांडेय और सत्यमा मिश्रा ने श्री राधा-कृष्ण के भक्ति गीत प्रस्तुत किए। ‘राधे-राधे बरसाने वाली राधे’, ‘अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम्’ और ‘नंद के घर आनंद भयो’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। भजनों की मधुर धुन पर बाल राधा-कृष्ण ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पुष्पा सिंह, कोमल पांडेय, सत्यमा मिश्रा, सिंधु शुक्ला, रितु विश्वकर्मा, राधिका, शारदा, पूनम गिरी, संगीता, नीलम मिश्रा, सत्या मिश्रा, मालती सिंह और शशि राय समेत महिला मंडल की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।