विंध्याचल रेंज के डीआईजी आरपी सिंह ने बृहस्पतिवार को जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। थानावार अपराध के आंकड़ों पर चर्चा करते हुए उसमें कमी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान डीआईजी ने सोशल मीडिया पर पैनी निगाह रखने के लिए कहा। कहा कि इस माध्यम से आने वाली हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की हिदायत दी।
चुर्क स्थित पुलिस लाइन सभागार में बैठक करते हुए डीआईजी ने श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, मुहर्रम और रक्षा बंधन को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठक कर समन्वय स्थापित करने को कहा। निर्देशित किया कि अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करें।
पर्वों की संवेदनशीलता के मद्देनजर छोटी से छोटी घटनाओं पर गंभीरता पूर्वक कार्रवाई की जाए। सभी थाना अंतर्गत पुलिसकर्मियों को बाइक व क्लस्टर मोबाइल के साथ ड्यूटी लगाकर लगातार भ्रमणशील रखें। ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से अपने साथ बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट व डंडा आदि दंगा नियंत्रण उपकरणों को रखने के सख्त निर्देश दिए।
यूपी-112 पर प्राप्त सूचनाओं पर पीआरवी वाहनों को तत्काल मौके पर पहुंचकर समयबद्ध निस्तारण की हिदायत दी। कहा कि सभी पुलिस वाहनों पर लाउड हेलर व पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय कराएं। अपराध समीक्षा में डीआईजी ने सभी थाना प्रभारियों को महिला अपराधों के आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय चिह्नित सनसनीखेज अपराधों के 20 वादों की प्रभावी पैरवी कर सजा दिलाने, ऑपरेशन दृष्टि के तहत पब्लिक से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक सीसीटीवी कवरेज कराने, ओवर लोड वाहनों के अवैध संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाने, अवैध शराब की तस्करी, भंडारण व बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने, रात्रि गश्त एवं प्रभावी चेकिंग करने को कहा।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाले शिकायती प्रार्थनापत्रों का भली-भांति अवलोकन कर उनमें निष्पक्ष जांच करते हुए निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी डॉ. यशवीर सिंह, एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, सीओ सिटी राहुल पांडेय, अमित कुमार, प्रदीप सिंह चंदेल, आशीष मिश्र आदि मौजूद रहे।