सोनभद्र। जमीन पैमाइश के नाम पर रिश्वत लेने के आरोपी कानूनगो को बृहस्पतिवार को निलंबित करते हुए दुद्धी से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए एसडीएम दुद्धी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। यह कार्रवाई मामले से संबंधित वीडियो वायरल होने पर हुई है। वायरल वीडियो में आरोपी कानूनगो घनश्याम पटेल एक सैलून पर किसान से पांच-पांच सौ रुपये के कई नोट लेते हुए दिखा था। हालांकि यह वीडियो कब का है, यह पता नहीं चला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन की तरफ से कानूनगो को निलंबित कर दिया गया। अपर जिलाधिकारी आशुतोष दुबे ने बताया कि आरोपी कानूनगो को निलंबित करते हुए दुद्धी तहसील से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच के लिए दुद्धी एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा को जांच अधिकारी नामित किया गया है।