सोनभद्र। अगर आपके पास अब भी दो हजार के नोट हैं तो उसे तत्काल बैंक में जमा करा दें। आरबीआई के निर्देशानुसार 30 सितंबर के बाद यह नोट चलन से बाहर हो जाएंगे। इसके बाद इनकी कीमत सिर्फ सामान्य कागज के तौर पर ही रह जाएगी। नोट बदलने या जमा करने के लिए सिर्फ दो दिन ही शेष हैं।
नोटबंदी के बाद आरबीआई ने दो हजार के नोट जारी किए थे। बड़े नोट होने से लोगाें को काफी सहूलियत मिली। खासतौर से बड़े व्यापारियों के लिए नकदी लाने-ले जाने में आसानी हुई। गत मई में अचानक से आरबीआई ने इन नोटों को चलन से बाहर करने का एलान किया था। तब यह छूट दी थी कि जिनके पास यह नोट मौजूद हैं, वे इसे अपने बैंक खाते में जमा कर दें या किसी बैंक शाखा में पहुंचकर अधिकतम दस नोट बदल सकते हैं। इसकी भी समय सीमा 30 सितंबर तय की गई है। शुरुआत में तो नोट बदलने और जमा करने को लेकर लोगों में खूब सक्रियता दिखी, मगर लंबा समय होने के कारण कुछ लोग सुस्त पड़ गए थे। कई अन्य कारणों से भी लोग तत्काल नोट बदलने में कतराते रहे। अब अंतिम तिथि आने के बाद ऐसे लोगों की बेचैनी बढ़ गई है। वह अपने पास मौजूद नोटों को बदलने के लिए परेशान है। इसकी अंतिम सीमा में सिर्फ दो दिन रह गए हैं। इस बाबत लीड बैंक प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि 30 सितंबर तक नोट जमा करने के निर्देश हैं। इसके अनुसार कार्य किया जाएगा। जिले में अभी तक कितना नोट जमा हुआ है, उसका डाटा फिलहाल उपलब्ध नहीं है।