कलेक्ट्रेट गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन करते परिषदीय अनुदेशक उत्थान समिति के पदाधिकार
सोनभद्र। परिषदीय अनुदेशक उत्थान समिति के बैनर तले रविवार को अनुदेशक शिक्षकों ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार से सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने, नियमित शिक्षकों के समान वेतन और अन्य सुविधाएं देने की मांग की। समिति के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार राय ने कहा कि प्रदेश के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशक शिक्षक पिछले 14 वर्षों से शोषण का सामना कर रहे हैं। उनके अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने चार फरवरी 2026 को अनुदेशकों के पक्ष में निर्णय सुनाया था। इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने अब तक आदेश के अनुपालन में शासनादेश जारी नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की पुनर्विचार याचिका भी खारिज हो चुकी है। अनुदेशकों ने कहा कि वे कई बार ज्ञापन देकर अपनी मांग उठा चुके हैं लेकिन न्याय नहीं मिलने से उनमें निराशा है। उन्होंने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के बताए मार्ग पर चलते हुए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया और सरकार से न्यायालय के आदेश का पालन कराने की अपील की। इस दौरान विनय मौर्य, शिवांकर त्रिपाठी, राम विजय यादव, रमेश कुमार चौधरी, मोहित कुमार, महेश सिंह, राजकुमार, संदीप कुमार, सौरभ पांडेय, एस. पटेल, शशिकांत यादव, जय प्रकाश यादव और वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।