अनपरा। अनपरा से सटे सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात हृदयविदारक घटना हुई। छह माह की मासूम घर में लगी आग में जिंदा जल गई। घटना के वक्त मां घर से कुछ दूरी पर पानी भरने गई थी। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
मोरवा के गोरबी चौकी के ग्राम फूलझर निवासी बबलू बैगा के घर में मंगलवार की रात संदिग्ध हाल में आग लग गई। घटना के बाद बबलू की छह माह की बेटी बिस्तर पर सो रही थी। मां कौशल्या देवी बेटी को घर में छोड़कर पानी लाने गई थी। पिता बबलू घर के बाहर मौजूद था। आशंका जताई जा रही है कि तेज हवा के कारण चूल्हे की चिंगारी से आग लगी होगी। तेज लपटें उठने पर लोगों को इसकी जानकारी हुई तो वह घर के अंदर दौड़े। काफी प्रयास कर आग बुझाते हुए बच्ची को बाहर निकाला गया, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पाकर गोरबी चौकी प्रभारी शीतला यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा करा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।