दुद्धी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती डायरिया पीड़ित एक मासूम की बुधवार की शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। गुस्साए परिजनों चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
दुद्धी थाना क्षेत्र के दुमहान गांव निवासी संदीप कुशवाहा ने अपने डेढ़ साल की बेटी प्रियांशी को मंगलवार को दिन में उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने डायरिया की आशंका व्यक्त करते हुए उपचार शुरू किया। परिजनों ने बताया कि बुधवार की दोपहर तक बच्ची की सेहत में काफी सुधार आ गया था। इसी बीच एक चिकित्सक ने कुछ सूई मंगवा कर लगाया। उसके बाद प्रियांशी की हालत बिगड़ गई। बुधवार की शाम चार बजे उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद परिजन बदहवास होकर चीखने चिल्लाने लगे। चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे कस्बा चौकी इंचार्ज संजय सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि बच्ची को डायरिया था। स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई थी, मगर परिजन नहीं गए।। इस कारण बच्ची की मौत हो गई।