सड़क हादसे में मृत समीक्षा। - फाइल फोटो
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पुसौली मोड़ के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर ट्रक की चपेट में आकर घायल हुई मासूम समीक्षा (9) आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। पांच दिन तक चले उपचार के बाद शनिवार की सुबह वाराणसी में मौत हो गई। मां वंदना (29) का उपचार वाराणसी ट्रामा सेंटर में जारी है। पुसौली में किराए के मकान में रह रही वंदना त्रिपाठी गत आठ जून को स्कूटी से बेटी समीक्षा के साथ राबटर्सगंज आ रही थी। जैसे ही वह पुसौली मोड़ के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कट पार करने के लिए आगे बढ़ीं तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक के पहिए के नीचे उनका एक पैर और बेटी का एक हाथ आने से कुचल गया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। वहां बेटी का एक हाथ काट दिया गया था और उपचार जारी था। परिजनों के मुताबिक शनिवार को समीक्षा की मौत हो गई। मामले में वंदना की तरफ से सड़क हादसे पर सवाल उठाए गए हैं।