थाना क्षेत्र के वारणसी-शक्तिनगर हाईवे पर ई रिक्शा से टकराकर घायल हुए बाइक सवार दिलशान की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरहान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते 22 जून छोटा भाई दिलशान औड़ीमोड़ से सामान लेकर घर जा रहा था। जैसे ही वह वन विभाग बैरियर के पास पहुंचा तो ई रिक्शा चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दिलशान गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे डिबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान दिलशान की मौत हो गई। रविवार की शाम उसका शव घर पहुंचा तो घर में मातम पसर गया। एसओ प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।