एडीआर भवन विधिक जागरूकता संगोष्ठी का शुभारंभ करते न्यायिक अधिकारी। स्रोत सूचना विभाग
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर मंगलवार को एडीआर भवन में मानव तस्करी की रोकथाम एवं उन्मूलन विषय पर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज सीडी राहुल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मानव तस्करी के प्रति जागरूक करना और पीड़ितों को कानूनी व सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में राहुल, डिप्टी चीफ एलएडीसी सत्यारमण त्रिपाठी, डिप्टी शमशेर बहादुर सिंह और वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक दीपिका सिंह ने मानव तस्करी, महिलाओं व बच्चों के शोषण तथा बंधुआ मजदूरी से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। वक्ताओं ने बताया कि पीड़ितों को त्वरित न्याय, पुनर्वास और निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। कार्यक्रम में एनजीओ प्रतिनिधि, पराविधिक स्वयंसेवक, अधिकार मित्र और पैनल अधिवक्ता मौजूद रहे। उनसे जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आह्वान किया गया।