फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: जिले में 51.38 फीसदी मतदाताओं ने चुनी नगर की सरकार

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। जिले की दस निकायों में नगर की नई सरकार चुनने के लिए बृहस्पतिवार को हल्की नोकझोंक के बीच शांतिपूर्ण मतदान हुआ। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थी। तीखी धूप और गर्मी के बावजूद कई इलाकों में मतदाताओं ने मतदान का फर्ज निभाने में सुस्ती नहीं बरती। शाम छह बजे तक जिले में कुल 51.38 प्रतिशत मतदान हुआ था। देर शाम मतदान होने के बाद मतपेटियों को सील कर तहसील मुख्यालय पर बने मतगणना स्थल ले जाया गया। वहां स्ट्रांग रूम में मतपेटियों को जमा करने का कार्य देर रात तक जारी रहा।
विज्ञापन

नगर पालिका परिषद सोनभद्र और नौ नगर पंचायत में बने कुल 307 बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू होते ही मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थी। गर्मी और धूप से बचते हुए लोग सुबह ही मतदान करने के लिए आतुर दिखे। नगर के जीजीआईसी, उच्च प्राथमिक विद्यालय, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, जोगियावीर महाल, बढ़ौली सहित अन्य बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी रही। महिलाओं और युवाओं ने पहले मतदान करने में रुचि दिखाई।
इस बीच मतदाताओं के पहचान पत्र को लेकर कुछ बूथों पर कहा-सुनी भी हुई। शिवाजी मिनी स्टेडियम में कुछ प्रत्याशी मतदाताओं पर स्थानीय पते का ही पहचान पत्र दिखाने का दबाव बनाते रहे। इसे लेकर वहां नोकझोंक भी हुई। बढ़ौली में भी बूथ पर मौजूद सूची और बाहर प्रत्याशियों के पास उपलब्ध सूची के क्रमांक और नामों में भिन्नता को लेकर विवाद की स्थिति बनी। चुर्क में नव ज्योति इंटर कॉलेज के बूथ के बाहर बार-बार लग रही भीड़ को हटाने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। ओबरा में सपा प्रत्याशी के एजेंट को बूथ के बाहर मतदाताओं से मिलने पर एसओ ने हिरासत में लिया। इससे कुछ देर के लिए वहां तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में मामला शांत करा लिया गया। सकुशल चुनाव कराने के लिए पुलिस-प्रशासन के अफसरों के साथ जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की टीम चक्रमण करती रही।
विज्ञापन

मतपेटी में बंद हुई 1012 उम्मीदवारों की किस्मत
सोनभद्र। जिले के दस निकायों में अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए कुल 1012 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवारों के बीच जोर-आजमाइश है। यहां के 25 वार्डों से 146 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य नौ नगर पंचायतों से अध्यक्ष पद पर 91 उम्मीदवार हैं। उम्मीदवारों की सबसे अधिक संख्या अनपरा में है, जहां 28 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा सदस्य के 119 पदों पर 768 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है।
कंट्रोल रूम से होती रही निगरानी
सोनभद्र। जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह के निर्देश पर चुनाव की निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। जहां जिले के विभिन्न संवेदनशील मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की गई। कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के लिए छह से सात सदस्यों की एक टीम तैनात रही। कार्यालय के पास ही उड़न दस्ता की टीम भी तैनात रही, ताकि किसी भी प्रकार की शिकायत का तत्काल कदम उठाया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें