रॉबर्ट्सगंज तियरा विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल दिवस पर हॉकी खेलती खिलाड़ी। स्रोत विभाग
सोनभद्र। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शुक्रवार को विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम राॅबर्ट्सगंज में खेल दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पर्यटन अधिकारी राजेश कुमार भारतीय ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेल उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। माल्यार्पण के बाद हॉकी और भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन हुआ। हॉकी प्रतियोगिता में छह टीमों ने प्रतिभाग किया। पूल मैचों के बाद सेमीफाइनल में पहुंची टीमों के बीच मुकाबले हुए। फाइनल मुकाबले में सोनभद्र इलेवन स्टेडियम ने स्वदीप एकादश को 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारोत्तोलन प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग के 45 किलोग्राम में युवराज प्रथम, विजय द्वितीय और राजवीर तृतीय रहे। 50 किलोग्राम में शिवम प्रथम, हृजीत द्वितीय और राहुल प्रिंस तृतीय रहे। 55 किलोग्राम में निखिल, शिवम और मोहित क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। 60 किलोग्राम में संदीप प्रथम, साहिल द्वितीय और अवैस अख्तर तृतीय रहे। 65 किलोग्राम में आदित्य कुमार प्रथम और अमन द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में 40 किलोग्राम में रक्षा प्रथम, रचना द्वितीय और ज्योति तृतीय, जबकि 45 किलोग्राम में श्रेया प्रथम और पूजा द्वितीय रहीं। 48 किलोग्राम में रागनी ने पहला स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद ने आभार जताया।