सोनभद्र बार सभागार में शुक्रवार को सोनभद्र बार एसोसिएशन अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद शुक्ल की अध्यक्षता व महामंत्री चंद्रपाल शुक्ल के संचालन में अधिवक्ताओं की आम सभा की गई। बैठक में अमर्यादित आचरण बर्ताव करने वाले दरोगा के खिलाफ रणनीति बनाई गई। न्यायिक कार्य से भी अधिवक्ता विरत रहे।
अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद शुक्ल ने बताया कि 13 अक्तूबर को युवा अधिवक्ता अजय कुमार अग्रहरि ने एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अवगत कराया है कि रात 9.30 बजे कोतवाली राबर्ट्सगंज के दरोगा संजीव राय 9-10 की संख्या में सिपाही के साथ आए। यह कहते हुए कि तुम्हारे घर में मुलजिम छिपा है अधिवक्ता को धक्का मारते हुए जबरदस्ती घर में घुस कर तलाशी लेने लगे।
अभद्र भाषा का प्रयोग कर अपमानित भी किया गया, जिससे अधिवक्ता और उसकी पत्नी काफी भयभीत है। दरोगा के अमर्यादित आचरण से अधिवक्ता बंधुओं में क्षोभ है। अध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को भी अधिवक्ता विरोध स्वरूप न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। बैठक में ओमप्रकाश पाठक, नारायण मिश्र, रामचंद्र मिश्र, वी सिंह, अमरनाथ मिश्र, विनोद चौबे, शेष नारायण दीक्षित, नरेंद्र चौबे आदि रहे।