लखनऊ में सोनभद्र के कराटे खिलाड़ी पदक के साथ। स्रोत स्वयं
सोनभद्र। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप-2026 में सोनभद्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक अपने नाम किए। वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन के संयोजन में 22 और 23 अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता में सोनभद्र कराटे एसोसिएशन की ओर से पांच खिलाड़ियों ने जिले का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक हासिल किए। सब-जूनियर अंडर-63 किलोग्राम वर्ग में वैभव सिंह राघववंशी ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। वहीं आदित्य दुबे ने सब-जूनियर अंडर-70 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया। कैडेट वर्ग में भी सोनभद्र के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। दर्शवीर सिंह ने अंडर-20 किलोग्राम और शिवांश दुबे ने अंडर-25 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। इसी वर्ग में अंश ने कांस्य पदक जीतकर जिले के पदकों की संख्या पांच तक पहुंचाई। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर वर्ल्ड मॉडर्न शोतोकान कराटे फेडरेशन के प्रेसिडेंट क्योशी जसपाल सिंह ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सोनभद्र कराटे एसोसिएशन के सचिव अनूप कुमार पटेल, प्रेसिडेंट इंजीनियर रमेश पटेल और वाइस प्रेसिडेंट सत्येंद्र दुबे ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आने वाली प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोनभद्र व उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।