महुली। विंढमगंज थाना क्षेत्र के देवढ़ी गांव में रेलवे ब्रिज से करीब पांच सौ मीटर दूर कनहर नदी में अवैध बालू खनन इन दिनों धड़ल्ले से हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक यहां रात दस बजे से सुबह आठ बजे तक गांव की पगडंडी सड़क से दर्जन भर ट्रैक्टर बालू की ढुलाई रहे हैं। आरोप है कि खननकर्ता स्थानीय अधिकारियों के साथ सांठ-गांठ कर बेधड़क बालू का खनन कर रहे हैं। कई स्थानों पर कमोबेश बालू डंप किये जाने की खबर भी मिल रही है। देवढ़ी गांव के जमुना प्रसाद, उमाशंकर, नक्कू, रमेश, कृष्णा, मनोज आदि लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे खनन के कारण नदी की प्राकृतिक सुषमा छिन्न भिन्न हो गई है। इस संबंध में विंढमगंज थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने वन विभाग की जिम्मेदारी का हवाला देते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया। वहीं विंढमगंज रेंज के वनक्षेत्राधिकारी विजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि देवढ़ी गांव में कनहर नदी में वन भूमि नहीं है। बल्कि इसे राजस्व विभाग को देखना चाहिए।