रेणुसागर। म्योरपुर ब्लाक के जोगेंद्र गांव में आवास का पैसा लाभार्थी की बजाय दूसरे खाते में भेज दिया गया है। इस संबंध मे पंचायत सहायक ने बीडीओ को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
जोगेंद्र गांव की जीरा देवी पत्नी रामजीयावन ने बताया कि करीब साल भर पहले उनके बेटे ने उन्हें घर से निकाल दिया। तब से वह अपने बेटी के घर पर रह रही हैं। पिछले वर्ष मैंने आवास के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक आवास का पैसा नहीं आया। ग्राम पंचायत सहायक जांच में आए तो पता चला कि पैसा किसी और के खाते चला गया है। ग्राम पंचायत सहायक श्रीकांत वैश्य ने बताया कि लाभार्थी के सभी कागजात जांच कर ब्लाक पर भेजे गए थे, लेकिन न जाने खाता नंबर कैसे बदल गया। इसके लिए बीडीओ व ग्राम विकास अधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस बाबत म्योरपुर के बीडीओ उमेश सिंह ने कहा कि शिकायत संज्ञान में है। जांच कराकर पैसा वापस लाभार्थी के खाते में भेजा जाएगा।