कोन। नक्सल प्रभावित गांव चांचीकला में सोमवार की शाम पहुंचे उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शक्ति धाम पीठ में माथा टेका। परिसस में आयोजित महालक्ष्मी यज्ञ के लिए भूमि पूजन किया। वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करते हुए दिव्यांगजनों को उपकरण बांटे। उन्होंने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और अस्पताल खोले जाने का आश्वासन दिया। शाम करीब पांच बजे पहुंचे उप मुख्यमंत्री का वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व एमएलसी जयप्रकाश चतुर्वेदी के नेतृत्व में यज्ञ समिति ने स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर पर स्थित इस क्षेत्र को विकास में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। आयोजक जयप्रकाश चतुर्वेदी ने चांचीकला व तरिया क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और स्वास्थ्य सुविधा न होने की जानकारी दी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने जल्द ही चांचीकला में एक अस्पताल व मोबाइल नेटवर्क बहाल कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान पांच दिव्यांगों को उपकरण भी वितरित किया। चांचीकला शक्तिधाम पीठ परिसर में सात से 14 फरवरी तक भव्य महालक्ष्मी यज्ञ व रासलीला, प्रवचन का कार्यक्रम होगा। इस मौके पर समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड, सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक अनिल मौर्या, जिलाध्यक्ष अजीत चौबे आदि मौजूद रहे।