घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के घुवास गांव के उचित दर विक्रेता के खिलाफ जमाखोरी किए जाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामला जमाखोरी से जुड़ा है। स्थानीय कोतवाली पर शनिवार को देर रात आपूर्ति निरीक्षक अरुण प्रकाश यादव ने तहरीर देकर बताया है कि घुवास गांव के सरकारी उचित दर विक्रेता रमेश चंद्र शुक्ल के दुकान पर जांच की गई। जांच में पाया गया कि कोटेदार द्वारा करीब 39 कुंतल गेहूं का राशन कार्ड धारकों को वितरण न कर जमाखोरी की गई है। आपूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई करने के लिए तहरीर दी। इस संबंध में आपूर्ति निरीक्षक अरुण प्रकाश यादव की तहरीर पर घुवास गांव के सरकारी उचित दर विक्रेता रमेश चंद्र शुक्ला के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है।