कोन। स्थानीय थाना क्षेत्र में बिजली का तार टूटकर गिरना आम बात हो गई है। पूरे क्षेत्र में जर्जर व लटकते हाईटेंशन तार मौत को दावत दे रहे हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे कचनरवा में एचटी तार टूटकर अचानक गिरजा, पवन, देवमूरत, शिवमूरत के घर पर गिर गया। इससे कुछ देर तक जमीन से आग धधकती रही। संयोग अच्छा रहा कि उस वक्त बाहर कोई नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आस पडोस के लोगों ने बताया कि जर्जर तार के सहारे हाईटेंशन लाइन चल रही है। उसमें भी एक पोल से दूसरे पोल की दूरी करीब दो सौ मीटर है जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका रहती है। ग्रामीण शिवमूरत, गिरजा समेत कई लोगों ने बताया कि संयोग अच्छा रहा कि उसी क्षण हम सभी घर में थे कि अचानक घर के पास से खींचा गया दो तार चलती लाइन में टूटकर गिरते ही आवाज करने लगा। सभी लोग घरों मे दुबके रहे। कुछ ही समय में लाइन ट्रिप हो गई और सभी बाल बाल बच गए। हादसा देख आसपास के लोगों मे दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन दरवाजे पर बच्चे खेलते रहते हैं। यह तो संयोग अच्छा रहा कि उस क्षण बाहर कोई नहीं था। हालांकि ग्रामीणों ने बताया कि ये पहली घटना नही है। क्षेत्र में आए दिन हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत होती रहती है। अभी कुछ माह पहले ही मिटिहिनिया में घर के सामने तार गिरा था कि रात्रि में लघुशंका के लिए निकला मजदूर चपेट में आ गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। सलैयाडीह में काम करते समय राजमिस्त्री की मौत हो गई। पूरे क्षेत्र मे जर्जर व लटकते हुए तार के सहारे बिजली आपूर्ति हो रही है। भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील जायसवाल समेत क्षेत्र के तमाम प्रधान व अन्य लोगों ने बिजली विभाग की इस लापरवाही पर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित किया है।