चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमिया के टोला छितिकपुरवा में बुधवार की रात हाईटेंशर करंट की चपेट में आने से ससुराल आए युवक की मौत हो गई। ट्रांसफार्मर में लगा 11 हजार वोल्ट का तार अचानक टूट गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा भी मचाया। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चोपन थाना क्षेत्र के करगरा गांव निवासी कमलेश (35) पुत्र शिवनारायण की ससुराल सेमिया गांव के छितिकपुरवार टोला में है। बुधवार को वह ससुराल गया था। उसकी ससुराल से कुछ दूरी पर चोपन-कुड़ारी मार्ग पर ट्रांसफार्मर लगा है। रात करीब आठ बजे कमलेश ट्रांसफार्मर के समीप कुछ लोगों के साथ खड़ा था। अचानक ट्रांसफार्मर में लगा 11 हजार वोल्ट का तार स्पार्क करते हुए टूट गया। कमलेश उसकी चपेट में आ गए। हाईटेंशन करंट से स्पर्श होते ही बुरी तरह झुलस गया। जब तक लोग उसे तार से छुड़ाते, उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर जुगैल पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने घटना के पीछे बिजली विभाग की लापरवाही को कारण बताया। उनका कहना था कि विभाग ने ट्रांसफार्मर के पास सुरक्षा घेरा बनाया होता तो यह घटना नहीं होती। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मुआवजे की मांग करते हुए हो हल्ला भी मचाया। उधर, युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। केवधा विद्युत उपकेंद्र के जेई संजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर जाकर छानबीन की गई है। अभी कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। एसओ विनोद सोनकर ने बताया कि बिजली का तार गिरने के दौरान युवक उसी दिशा में गलती से चला गया। इस कारण वह करंट की चपेट में आ गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।