हेरोइन तस्करी का गिरफ्तार आरोपी। स्त्रोत : पुलिस
सोनभद्र। चोपन पुलिस ने बृहस्पतिवार को हेरोइन तस्करी गिरोह के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। गिरोह के सरगना मो. अफजाल (40) को 49.30 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने दावा किया कि उसका नेटवर्क पूर्वोत्तर भारत तक फैला हुआ है। वह मणिपुर से कच्चा माल लाकर उससे हेरोइन तैयार करता था और एजेंटों के माध्यम से छोटी-छोटी मात्रा में पूर्वी यूपी के जिलों में भेजता था। जांच में उसके बैंक खातों से इस नेटवर्क के जरिये करोड़ों रुपये का लेनदेन भी पकड़ में आया है। विशेष टीम गठित करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी गई है। एसपी अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में गिरफ्तार तस्कर को मीडिया के सामने पेश करते हुए जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह चोपन एसओ गोपालजी गुप्ता को सूचना मिली कि तस्कर अफजाल ट्रेन से हेरोइन लेकर सोनभद्र आ रहा है। वह चोपन थाने में दर्ज मामले में वांछित था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के जरिये उसकी तलाश शुरू की। डाला चढ़ाई स्थित अल्ट्राटेक पार्किंग के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर झाड़ियों की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 49.20 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा उस्मान निवासी मो. अफजाल (40) के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि अफजाल हेरोइन तस्करी गिरोह का किंग पिन (सरगना) है। वह मणिपुर से कच्चा माल लाकर अपने यहां मादक पदार्थ तैयार करता है और जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर भी इसकी व्यवस्था कर सप्लाई करता है। उसका नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है। वह सोनभद्र के कुछ लोगों को हेरोइन देने आया था। एसपी ने बताया कि हेरोइन तस्करी में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों और अब पकड़े गए अफजाल के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है।