आसनडीह। सागोबांध प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को उपचार के दौरान मासूम की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे दुद्धी सीएचसी ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। नाराज परिजनों ने सागोबांध पीएचसी पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा मचाया।
बृजलाल यादव की चार माह की पुत्री महिमा की तीन दिनों से तबीयत खराब थी। परिजनों ने दुद्धी में उपचार कराया। सुधार होने पर उसे लेकर घर चले आए। मंगलवार को परिजन मासूम को लेकर सागोबांध पीएचसी पहुंचे। वहां डॉक्टर के न होने पर उन्होंने वार्ड ब्वाय को दुद्धी चिकित्सक की ओर से लिखी पर्ची दिखाई। आरोप है कि वार्ड ब्वाय ने जैसे ही सूई लगाई, बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। वह आननफानन उसे लेकर दुद्धी सीएचसी गए, जहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्ची के पिता बृजलाल यादव ने वार्ड ब्वाय पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में ग्रामीणों के समझाने पर मामला शांत हुआ। परिजनों ने वार्ड ब्याय के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उधर, इस बाबत म्योरपुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. राजन सिंह ने बताया कि बच्ची का इलाज दुद्धी के चिकित्सक के माध्यम से किया जा रहा था। वार्ड ब्वाय ने चिकित्सक की लिखी दवा ही दी। बच्ची की मौत दुद्धी अस्पताल में हुई है। आगे कोई प्रकरण है तो जांच किया जाएगा।