दुद्धी थाना क्षेत्र के महुअरिया-लिलासी मार्ग पर रविवार की रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में बाइक सवार पवन सिंह (21) की मौत हो गई। वहीं चचेरा भाई बाबूलाल (19) गंभीर रूप से घायल हुआ। उसे म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सरडीहा के सायल टोला निवासी पवन सिंह अहमदाबाद में पाइप लाइन का काम करता था। कुछ दिन पहले उसकी दादी का निधन हुआ था। उनके दसवां संस्कार में शामिल होने वह घर आया था। रविवार की शाम अपने चचेरे भाई बाबूलाल (19) के साथ बाइक से लिलासी जा रहा था तभी रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद पवन सिंह काफी देर तक पुलिया के नीचे पानी में पड़ा रहा। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां पवन को मृत घोषित कर दिया गया। बाबूलाल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के रेफर कर दिया। पिता रामदास ने घटना के बारे में म्योरपुर पुलिस को सूचना दी।