प्रदेश सरकार के स्टांप एवं पंजीयन मंत्री और जिले के प्रभारी रवींद्र जायसवाल ने रविवार को केंद्रीय बजट की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सलखन के फॉसिल्स पार्क को विश्व धरोहर की सूची में शामिल कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने ओबरा तहसील के नए रजिस्ट्री कार्यालय का शीघ्र ही उद्घाटन करने का आश्वासन दिया। कहा कि प्रदेश में महिलाओं के लिए स्टांप ड्यूटी को और भी कम करने का प्रयास किया जा रहा है। चुर्क मोड़ स्थित सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2013-14 में भारत की अर्थव्यवस्था 2.03 ट्रिलियन डॉलर की थी।
भाजपा सरकार बनने के बाद दस वर्षों में बढ़कर 3.94 ट्रिलियन डॉलर की हो चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रक्षा, सड़क एवं परिवहन, आदिवासी कल्याण, युवा कल्याण सहित हर क्षेत्र के बजट में वृद्धि की गई है। कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार ने बजट में कई कदम उठाए हैं।
उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए स्टांप ड्यूटी पहले से ही कम है, इसे और कम करने का भी प्रयास किया जा रहा है। आस्था एवं संस्कृति को सम्मान देते हुए पर्यटन विकास पर जोर दिया गया है। इस श्रेणी में सोनभद्र का सलखन फाॅसिल्स पार्क भी है, जिसे विश्व धरोहर की सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान डीएम बद्रीनाथ सिंह, एडीएम सुभाष चंद्र यादव, एसडीएम प्रमोद तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, डॉ. धर्मवीर तिवारी, कृष्णमुरारी गुप्ता, सत्यनारायण पटेल आदि मौजूद रहे।