ओबरा। स्थानीय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विवि (इग्नू) का अध्ययन केंद्र बनाया गया है। कॉलेज में इस शैक्षिक सत्र से स्नातक पाठ्यक्रम के बीए (सामान्य), वाणिज्य (सामान्य) और स्नातकोत्तर स्तर पर अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, हिंदी, इतिहास और वाणिज्य विषयों की पढ़ाई होगी।
प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने बताया कि महाविद्यालय की ओर से चलाए जा रहे नियमित विषय के अतिरिक्त इग्नू से अनुमोदित पाठ्यक्रमों में छात्र एक साथ प्रवेश ले सकते हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग व नई शिक्षा नीति की व्यवस्था में कोई भी छात्र एक साथ रेगुलर कोर्स में प्रवेश लेकर कौशल व रोजगार के योग्य हो सकता है।
इग्नू के समन्वयक असिस्टेंट प्रोफेसर राजेश प्रसाद ने कहा इग्नू के पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए कोई आयु बाध्यता नहीं है। इसकी डिग्री सभी जगह पूर्ण रूप से वैध है। भविष्य में प्रबंधन, कम्प्यूटर, पर्यटन, पत्रकारिता व अन्य व्यावसायिक इग्नू पाठ्यक्रम को महाविद्यालय में संचालित कराने की योजना है। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी महाविद्यालय में संपर्क कर अपना आवेदन ऑनलाइन कर सकते हैं। यह महाविद्यालय कोर्स संचालन संस्था के साथ इग्नू का परीक्षा केंद्र भी है।