सोनभद्र। टूटी सड़कों के गड्ढों में हिचकोले खाते ग्रामीणों का सफर जल्द आसान होने वाला है। जिले की 28 सड़कों के कायाकल्प की शासन ने मंजूरी दे दी है। इसके लिए पांच करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। लंबे समय से बदहालइन सड़कों पर आए दिन हादसे हो रहे थे। अब इनकी मरम्मत व नवनिर्माण से राहगीरों को राहत मिलेगी। बारिश से पहले सड़कों की हालत सुधारने का लक्ष्य रखा गया है।
घने जंगल और पहाड़ों से घिरे कई इलाकों तक पहुंचने के लिए आज भी अच्छी सड़कें नहीं है। पूर्व में जो सड़क बनी भी, वह वर्षों से मरम्मत न होने के कारण बदहाल हो गई है। टूटी सड़कों पर राहगीर हिचकोले खाते आवागमन को मजबूर हैं। इन ग्रामीण सड़कों पर सफर में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। कुछ किमी की दूरी तय करने में भी काफी वक्त लगता है। बदहाल पड़ी सड़कों के मरम्मत और नवनिर्माण की मांग लंबे समय से ग्रामीण करते आ रहे हैं। इस पर शासन ने मंजूरी दे दी है। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड ने कागजी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुल 28 सड़कों में ज्यादातर दक्षिणांचल के बभनी और म्योरपुर ब्लाक क्षेत्र की हैं। इन सड़कों की मरम्मत और नवनिर्माण पर पांच करोड़ से अधिक की राशि खर्च होगी।
इन सड़कों पर होगा काम चपकी से चकचपकी, बीच टोला संपर्क मार्ग, घोरिया-महुली मार्ग से पूरबटोला मार्ग, पूरब टोला संपर्क मार्ग जिगनहवा, हड़वड़िया मार्ग, कुंडाडीह से औरहवां मार्ग, गुड़दाही मार्ग, बाजनडीह मार्ग, खालेडीह संपर्क मार्ग, एनडीडी मार्ग से भट्ठी टोला, टेकुआरी से महुआ दोहर, करहिया से नवाटोला वासिन मार्ग, किरबिल से चांगा बाया आरंगापानी, करहिया से गुलालझरिया मार्ग, बभनी-आसनडीह मार्ग से खोतोमहुआ पीएमजीएसवाई मार्ग तक, बभनी धनवार मेन रोड से छत्तीसगढ़ बार्डर तक, गुलालझरिया से सरडीहा, राजासरई, गुलालझरिया-महुअरिया लिलासी करी संपर्क मार्ग, नधिरा धरतीडांड से राजासरई संपर्क मार्ग आदि।
क्षतिग्रस्त 28 ग्रामीण सड़कों की मरम्मत व नवीनीकरण के लिए शासन से मंजूरी मिली है। पांच करोड़ से अधिक की राशि खर्च कर इन सड़कों का कार्य कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही कार्य शुरू होगा। - देवपाल, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड।