घने कोहरे के कारण बाधित चल रही गोमो–बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन का संचालन फिर से चुनार तक शुरू कर दिया गया है। एक मार्च से पैंसेजर ट्रेन का संचालन चुनार तक शुरू किया गया है। इससे जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज के साथ ही मिर्जापुर जिले के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। बता दें कि रेलवे प्रशासन ने ठंड और कोहरे को देखते हुए ट्रेन संख्या 53351/52 बरवाडीह–चोपन–चुनार पैसेंजर का संचालन 28 फरवरी तक चोपन से चुनार के बीच अस्थायी रूप से रद कर दिया था। ट्रेन का संचालन बरवाडीह से चोपन तक ही होता था। इस दौरान यात्रियों को चोपन से चुनार के बीच बस से यात्रा करनी पड़ रही थी, जिससे काफी परेशानी होती थी। अब एक मार्च से इस पैसेंजर ट्रेन का संचालन फिर से चुनार तक बहाल कर दिया गया है। सोनभद्र स्टेशन के अधिकारियों की मानें तो ट्रेन के दोबारा चलने से दैनिक यात्रियों, छात्रों और कामकाजी लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिल रही है। पैसेंजर ट्रेन में यात्री भी काफी निकल रहे हैं।