सोनभद्र। जिले की एकमात्र नगर पालिका परिषद सोनभद्र के रहवासियों को शीघ्र ही ऑनलाइन सेवाएं मिलने लगेंगी। इसके लिए नगर के पुराने एवं विस्तारित क्षेत्र में जीआईएस सर्वे कराया जाएगा। एजेंसी के माध्यम से सर्वे कराते हुए नए सिरे से कर निर्धारण कराते हुए वसूली कराई जाएगी। जीआईएस सर्वे के बाद निकाय के लोगों को ऑनलाइन सुविधाएं भी मिलनी शुरू हो जाएगी।
नगर पालिका परिषद सोनभद्र की हाल ही में बोर्ड की बैठक हुई थी, जिसमें कर निर्धारण में संशोधन पर आम सहमति है। नगर की सीमा विस्तार होने के बाद वार्डों की भौगोलिक स्थिति भी बदली है। बावजूद इसके नगर में पुराने ढर्रे पर गृहकर एवं जलमूल्य कर की वसूली हो रही है। इस समय नगर में करीब छह हजार लोगों से गृहकर और तीन हजार से अधिक लोगों से जलमूल्य कर वसूला जा रहा है। ये आंकड़ें वर्षों पुराने हैं।
लंबे समय से सर्वे नहीं होने से नगरीय क्षेत्र में बने नए आवासों से कर वसूली नहीं हो पा रही है। अब नगर पालिका प्रशासन कर निर्धारण को लेकर प्रयासरत है, इसकी चर्चा पिछले दिनों बोर्ड की बैठक में भी हो चुकी है। नगरवासियों को ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए शासन का निर्देश भी है। नगर पालिका परिषद के अधिकारियों की मानें तो सीमा विस्तार होने के बाद वार्डों की भौगोलिग स्थिति बदली है। ऐसे में नगर क्षेत्र में नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा। नए साल में जीआईएस सर्वे शुरू हो सकता है। सर्वे में निकायों की परिसंपतियों को अभिलेखों के अनुसार पूरी तरह से अपडेट करते हुए जल वितरण पाइपलाइन, सीवर लाइन, सड़क, पार्किंग, कांप्लेक्स, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों का जीआईएस सर्वे कराया जाना है। ऑनलाइन काम शुरू होने की वजह से फर्जीवाड़ा रोकने में मदद मिलेगी।
अनपरा में कराया जा चुका है सर्वे
नवसृजित नगर पंचायत अनपरा और डाला बाजार में एक साथ जीआईएस सर्वे कराया जाना था। अनपरा में जीआईएस हो गया है। वहां सभी डाटा ऑनलाइन किया जा रहा है। इसका लाभ भी अब वहां के नगरवासियों को मिल रहा है। हालांकि अभी नगर पंचायत डालाबाजार में सर्वे पूरा नहीं हो सका है।
सीमा विस्तार के बाद वार्डों की भौगोलिग स्थिति भी बदल गई है। सभी वार्डो में नए सिरे से एजेंसी के माध्यम से जीआईएस सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के पश्चात वेबसाइट लांच की जाएगी, जिससे लोग किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए और जरूरी कागज बनाने के लिए घर बैठे ही आवेदन कर सकेंगे और उसकी स्थिति भी जान सकेंगे।
- विजय कुमार यादव, ईओ-नगर पालिका परिषद सोनभद्र।